डॉ. सत्यपाल ‘बेदार’ ‘सरस’ (१९३१-२०११)
परिचय
बहुमुखी प्रतिभा के धनी प्रो. सत्यपाल ‘बेदार’
‘सरस’ एक श्रेष्ठ प्राध्यापक. कवि, वक्ता, विचारक एवं चिन्तक थे I इनका जन्म सन
उन्नीस सौ इक्तीस में डेरा गाज़ी खान (पाकिस्तान) के छोटे से गाँव ‘झोक उत्तरा’ में
हुआ था I इनके पिताजी का नाम श्री रामचंद मदान था जो यूनानी आयुर्वेदाचार्य थे I इनकी माता श्रीमती
तग्गी देवी थी जो अत्यन्त सुसंस्कृत एवं धार्मिक महिला थीi. अल्पायु में ही इनकी माता जी का निधन हो गया. जिस कारण इनका
आरंभिक जीवन अत्यन्त संघर्षपूर्ण एवं विपत्तिजन्य रहा I इनके जीवन का उद्देश्य विपत्तियों एवं कठिनाइयों पर
विजय प्राप्त कर उन्नति के उच्चतम शिखर पर आरूढ़ होना था. I पुरुषार्थ उनके जीवन का
मूल मन्त्र रहा I वे पुरुषार्थ को प्रारब्ध से भी श्रेष्ठ मानते थे I उन्हीं के
शब्दों में –
पुरुषार्थ समस्याओं
का हल होता है,
प्रारब्ध तो
पुरुषार्थ का फल होता है I
प्रारब्ध को सब कुछ
समझने वालों
प्रारब्ध से
पुरुषार्थ प्रबल होता है I
अपने पुरुषार्थ-बल पर ही उन्होंने दिल्ली
विश्वविद्यालय से एम.ए., एम. लिट् तथा पी. एच. डी. की उपाधियाँ प्राप्त की I वे
दिल्ली विश्वविद्यालय में प्राध्यापक पद पर कार्यरत रहे और प्रवाचक (Reader) पद से सेवानिवृत्त
हुए I
डॉ. ‘बेदार’ ‘सरस’ जी हिंदी के तो उच्च कोटि के
विद्वान् थे ही, उर्दू, फारसी के भी विशेषज्ञ थे I हिंदी में एम. ए. करने के
पश्चात उन्होंने ‘उमर खैयाम की रुबाइयों’ पर ‘एम. लिट्’ किया तत्पश्चात
‘हिंदी-उर्दू कविता में छंद विधान (तुलनात्मक अध्ययन)’ विषय पर शोध ग्रन्थ लिखा I
इस ग्रन्थ को विद्वान् परीक्षकों ने ‘डी.लिट्’ की उपाधि के स्तर का आंका जो इनके
लिए अत्यन्त गौरव की बात थी I
प्रो. ‘सरस’ जी ने अनेक मौलिक एवं अनुवादित रचनाएँ लिखीं I मौलिक
रचनाओं में ‘आकाश गंगा’, ‘दिव्यलाप’
(उपालंभ प्रत्युपालम्भ) एवं ‘ऋषि राज’
उल्लेखनीय हैं I ‘आकाश गंगा’ में भारतीय परिवेश की ४६ कालजयी विभूतियों का
संगीतमय पद्यात्मक-यशोगान किया गया है I ये रचनाएँ काफी लोकप्रिय रही I अनुवादित
रचनाओं में ‘गीता माधुरी’ की विशेष रूप से सराहना की गई I ‘गीता माधुरी’ में
उन्होंने सरस, सरल एवं प्रवाहमयी भाषा में श्रीभगवत गीता के श्लोकों का पद्यानुवाद
प्रस्तुत किया है I यह पद्यानुवाद हिंदी के सुमेरू छंद में निबद्ध है I ‘गीता
माधुरी’ उन गीता प्रेमियों के लिए वरदान है जो संस्कृत भाषा के सम्यक ज्ञान से
वंचित हैं I
प्रो. ‘बेदार’ ‘सरस’ जी ने ‘श्रीमद्भगवत गीता’
का पद्यानुवाद केवल हिंदी भाषा में ही नहीं किया अपितु सिरायकी भाषा में भी किया
है I सिरायकी भाषा प्रेमियों के लिए ‘सिरायकी गीता’ गीता के मर्म को समझने में
सहायक सिद्ध हुई है I सिरायकी में उन्होंने काफियां, ग़ज़लें, नज़्में, तथा पुलहाड़ों
की भी रचना की Iगज़ल, रुबाई, कविता, मुक्तक और हास्यव्यंग की रचनाएँ उन्होंने हिंदी
तथा उर्दू दोनों भाषाओँ में लिखी I उर्दू में उन्होंने बिहारी, तुलसी और कबीर के
दोहों का भी पद्यानुवाद किया है
I
आर्य समाज संस्था से इन्हें विशेष लगाव था
I आर्य समाज के सिद्धांतों पर इनकी
गहन आस्था थी I महर्षि दयानन्द सरस्वती के वे दीवाने थे I महर्षि दयानन्द पर
ओजपूर्ण शैली में रचित रचना –‘अमृत पीकर भी जग मरता, तुम अमर हुए हो विष पीकर’ बहुत लोकप्रिय
रही I कई वैदिक मंत्रों का पद्यानुवाद
उन्होंने हिंदी, उर्दू तथा सिरायकीय तीनों भाषाओँ में किया है I आर्य समाज
के प्रचार-प्रसार में भी इन्होंने
महत्वपूर्ण योगदान दिया I इनकी वक्तृत्व कला भी अद्वितीय थी I
डॉ. ‘बेदार’ ‘सरस’ जी अध्यात्म तथा
साहित्य-साधना में जीवन पर्यंत तल्लीन रहे I व् सदा जीवन और उच्च विचार में गहन
निष्ठा रखते थे I उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन तपस्वी की भांति व्यतीत किया I वे शांत, सरल एवं निश्चल स्वभाव के व्यक्ति थे
I उनकी स्मरणशक्ति भी अत्यन्त अदभुत थी I
उन्हें अनेक स्वरचित रचनाओं के साथ साथ हिंदी की प्रसिद्ध सहस्त्रों कविताएँ, गीत,
दोहे एवं उर्दू फारसी का कलाम भी कंठस्थ था Iअपनी ओजपूर्ण वाणी से वे जब उनका
प्रसंगानुरूप वाचन उच्चारण करते थे तो श्रोता मंत्र मुग्ध से हो जाते थे I
अध्यात्म एवं साहित्य जगत की यह दिव्य ज्योति अकस्मात ३० अगस्त २०११ को परम पिता
परमात्मा की असीम ज्योति में विलीन हो गई I उनका प्रभावशाली व्यक्तित्व एवं
कृतित्व सदैव पथप्रदर्शक एवं प्रेरणा स्रोत रहा है I
श्रीमती शारदा रहेजा (सुपुत्री)
*-*-*-*-*



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें